बाराबंकी में शुक्रवार सुबह एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उदवतपुर निवासी बहादुर ने दो दिन पहले शराब पी थी। उसके बाद से तबीयत खराब होने के बाद घर पर ही चोरी-छिपे इलाज चल रहा था।
आज सुबह तबीयत ज्यादा खराब होने पर बेटा सतनाम उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां पीड़ित ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ राघवेंद्र के मुताबिक बेटे ने बताया था कि पीड़ित ने देवा कस्बे में किराना स्टोर से स्प्रिट मंगाकर पिया था। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।
गौरतलब है कि बुधवार को बाराबंकी में 12 लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत का मामला सामने आया था। उसके ठीक अगले दिन बाराबंकी के डीएम ने प्रेस कॉफ्रेंस कर जानकारी दी थी कि सिर्फ तीन की मौत स्प्रिट पीने से हुई है, बाकी की मौत अन्य कारणों से हुईं।
मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच गृह विभाग और आबकारी विभाग को सौंपते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायत देने और पीड़ितों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के आदेश दिए थे।
वहीं, राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम बाराबंकी और प्रदेश के आबकारी आयुक्त से दो हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट मांगी है।