बहराइच। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सीमा पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों ने खुली सीमा के रास्ते आतंकी घुसपैठ की आशंका जताई है। इस रिपोर्ट के बाद नेपाल से भारत आने वालों का सीमा पर पूरा विवरण दर्ज किया जा रहा है।
डाग स्क्वॉयड दस्ते की मदद से नेपाल से आने वाले वाहनों और यात्रियों की तलाशी ली जा रही है। शहर और कस्बों में भी सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ने सघन चौकसी शुरू की है। गणतंत्र दिवस पर नेपाल के रास्ते आतंकियों के घुसपैठ की आशंका प्रबल है। इसकी आशंका खुफिया एजेंसियों ने जताई है।
इस रिपोर्ट के बाद भारत सरकार और प्रदेश सरकार दोनों ने सीमा से सटे जनपदों में विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिए हैं। गृह मंत्रालय ने एसएसबी को पत्र भेजा है। पुलिस महानिरीक्षक ने नेपाल सीमा से सटे बहराइच समेत तराई के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर देश विरोधी गतिविधियों के प्रति सचेत किया है।
पुलिस महानिरीक्षक का पत्र मिलने के बाद सीमा से सटे नवाबगंज, रुपईडीहा, मोतीपुर, मुर्तिहा, सुजौली थानों के थानाध्यक्षों को सीमा पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सीमा की सुरक्षा में मुस्तैद एसएसबी के जवानों ने भी नेपाल से आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है।
विशेषकर नेपाल से आने वाले यात्रियों के वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट ने शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर चेकिंग तेज कर दी गई है।
सार्वजनिक स्थलों पर रखी जा रही नजर
गणतंत्र दिवस के मौके पर आतंकियों द्वारा देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका है। थानाध्यक्षों को अलर्ट करने के साथ ही नेपाल से आने वाली ट्रेनों और बसों की निरंतर तलाशी हो रही है। होटलों में ठहरने वाले लोगों की भी निगरानी की जा रही है।
-जुगुल किशोर, पुलिस अधीक्षक