यूपी प्राथमिक विद्यालयों में 15 हजार शिक्षक भर्ती के लिए 11 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 15 हजार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति में विशिष्ट बीटीसी के अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन का मौका दिया गया है।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से नियुक्ति प्रक्रिया में आयु सीमा एक जुलाई 2014 के स्थान पर एक जुलाई 2015 किए जाने के बाद न्यूनतम आयु सीमा में आने वाले अभ्यर्थियों तथा विशिष्ट बीटीसी 2004, 2007 एवं 2008 में प्रशिक्षण उत्तीर्ण एवं टीईटी अर्हताधारी अभ्यर्थियों को शामिल करने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने 15000 सहायक अध्यापकों के चयन प्रक्रिया में अब तक आवेदन नहीं किया है।
वे अभ्यर्थी आवेदन के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर दो से 11 सितंबर के मध्य ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी जो पहले से आवेदन कर चुके है, उन्हें दोबारा आवेदन की आवश्यकता नहीं है।