लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में सोमवार को दो में से एक डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब हो गई। वहीं, दूसरी मशीन की फिल्म भी खत्म हो गई। इससे मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अब मरीजों के मोबाइल पर रिपोर्ट दी जा रही है।
बलरामपुर अस्पताल में रोजाना 300 से अधिक मरीजों की एक्सरे जांच होती है। सबसे ज्यादा टीबी एंड चेस्ट व हड्डी की बीमारी से पीड़ितों को एक्सरे जांच कराने की सलाह दी जाती है। यहां दो डिजिटल एक्सरे मशीन हैं। इसमें सोमवार को एक मशीन खराब हो गई है। इसकी वजह से दूसरी मशीन पर मरीजों का दबाव आ गया है। इस मशीन की एक्सरे फिल्म खत्म हो गई। मरीजों को मोबाइल फोन पर फिल्म की फोटो खींचने की सलाह दी जा रही थी। ऐसे में बीमारी पकड़ने में डॉक्टरों को खासी असुविधा हो रही है।
मरीज कंचन, नीरज, नगमा ने बताया कि डॉक्टर ने एक्सरे जांच के लिए परचे पर लिखा था। सोमवार को जांच के लिए पहुंच थे, लेकिन लौटा दिया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि मशीन में कुछ तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।