मुठभेड़ में घायल इनामी बदमाश और सिपाही (इनसेट)।
- फोटो : amar ujala
श्रावस्ती के भिनगा जंगल में रविवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरन 25 हजार के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 10 मुकदमों के साथ गैंगेस्टर लगा है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से बदमाश और एक सिपाही घायल हुए हैं।
सिरसिया थाना क्षेत्र के प्रतापअलीपुरवा निवासी बालकराम पर चोरी-डकैती सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। उस पर गैंगेस्टर की कार्रवाई चल रही है। कुछ दिन पहले एक घर में चोरी करने के बाद उसने घर के मालिक को गोली मार दी थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी।
रविवार सुबह एसपी अशोक कुमार शुक्ल को मुखबिर से सूचना मिली कि बालकराम भिनगा जंगल में अंटा तिराहे से होकर नेपाल की ओर जा रहा है। इसके बाद एसपी ने भिनगा कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच को तत्काल उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए। इस पर पुलिस ने अपराधी को राजपुर मोड़ से आगे जंगल में घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली भिनगा कोतवाली में तैनात सिपाही जितेंद्र गौड़ के दाएं हाथ में लगी, जबकि पुलिस की फायरिंग में बदमाश के दाएं पैर में गोली लगते ही वह गिर गया। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया। उसे और घायल सिपाही को जिला चिकित्सालय लगाया गया, जहां से बदमाश को जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया गया।
एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि पुलिस के इस ऑपपरेशन में शामिल पुलिसकर्मियों को डीआईजी और मेरी ओर से 25-25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।