सीतापुर रोड पर भिठौली क्रॉसिंग के पास फुटपाथ के होटल पर मंगलवार दोपहर चाय पीने से ट्रक चालक की मौत हो गई। इससे हड़कंप मच गया।
होटल संचालक समेत छह लोगों को बेहोशी की हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। होटल संचालक की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस व फूड सेल ने चाय, भगोना में रखे मांस व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने के साथ छानबीन शुरू की।
इंस्पेक्टर मड़ियांव संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सीतापुर के सिधौली थाने के गांव मनरौरा निवासी शिव शर्मा व उसकी पत्नी पुष्पा का भिठौली क्रॉसिंग के पास फुटपाथ पर होटल है। चाय के साथ भोजन की भी व्यवस्था है।
वहां मंगलवार दोपहर जौनपुर निवासी ट्रक चालक सूबेदार सिंह ने मुर्गा पकवाकर खाया। इसके बाद चाय पी और आराम करने के इरादे से अपने ट्रक में जाकर लेट गया। कुछ देर बाद ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली होटल के सामने रुकी।
उससे उतरे सीतापुर के महमूदाबाद थाने के गांव मंडेला निवासी मजदूर सुरेश, रिंकू, किशोर, प्रदीप व तोताराम भी शिव के होटल पर चाय पीने पहुंचे। ग्राहकों के साथ शिव ने भी चाय पी। सूबेदार चाय पीकर अपने ट्रक में लेट गया, जबकि होटल में ही सुस्ता रहे मजदूरों को चक्कर आने लगे।
सभी को पहुंचाया गया निजी अस्पताल
इलाज कराने पहुंचे बीमार
- फोटो : amar ujala
शिव शर्मा को भी नशा चढ़ने लगा। सभी लोग होटल में ही बेहोश हो गए। कुछ दूरी पर बर्तन साफ कर रही पुष्पा ग्राहकों को गिरते देखकर दौड़ी।
पति को भी बेहोश पड़ा देख शोर मचाया। हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को कॉल करने के साथ सभी को एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहरीली चाय पीने से लोगों की हालत बिगड़ने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिव, रिंकू, सुरेश, किशोर, प्रदीप व तोताराम को ट्रॉमा सेंटर भेजने के साथ तहकीकात शुरू की। पता चला कि सूबेदार अपने ट्रक में बेसुध पड़ा है।
वहां काली उल्टी पड़ी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी देने के साथ फूड सेल व फोरेंसिक टीम को कॉल की।
फ्राईपैन व ग्लासों में बची चाय, भगौने में मिले मांस के टुकड़े व अन्य वस्तुओं के साथ ट्रक में पड़ी काली उल्टी के सैंपल लिए गए। सूबेदार के परिवारीजनों को कॉल करने के साथ उसका शव मॉर्च्युरी भेजा गया।
फोरेंसिक जांच के बाद ही सही स्थिति का चलेगा पता
जांच करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
शिव की पत्नी पुष्पा शर्मा ने पुलिस को जानकारी दी कि ट्रक चालक सूबेदार सुबह उसके होटल पर आया था और मुर्गा बनवाने की बात कही थी। इस पर शिव ने मुर्गा मंगाकर पकाया।
सूबेदार ने मुर्गा खाने के साथ शराब पी। काफी देर तक लोगों से बात करता रहा। इसके बाद चाय पी और सड़क किनारे खड़े ट्रक में आराम करने चला गया।
इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि दूध या चाय में छिपकली गिरने की आशंका के चलते चाय के फ्राई पैन के साथ दूध का भगोना भी खंगाला गया लेकिन कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे किसी नतीजे पर पहुंचा जा सके। फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
इंस्पेक्टर ने कहा कि ट्रक में बेसुध मिले चालक सूबेदार सिंह की हालत व पास में पड़ी काली उल्टी में मांसाहार के अवशेष से विषाक्त पदार्थ खाने का शक हुआ।
माना जा रहा है कि शराब व मांसाहार के बाद चाय पीकर ट्रक में लेटे सूबेदार की भीषण गर्मी में हालत बिगड़ी और लगातार उल्टियां होती रहीं। इसके बाद उसकी मौत हो गई।