फोटो-6-बलरामपुर के हरिहरगंज-ललिया मार्ग के लौकहवा डिप पर बह रहा बाढ़ का पानी
- फोटो : BALRAMPUR
ललिया/तुलसीपुर (बलरामपुर)। नेपाल के पहाड़ों में रविवार को हुई भारी बारिश के चलते जिले के कई पहाड़ी नाले उफान पर हैं। रविवार शाम ललिया थाना क्षेत्र के लौकहवा डिप पर पूर्व प्रधान मकुनहवा चेतराम वर्मा तथा गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के हरहटा बरहना निवासी दुखहरन बाढ़ के पानी में बह गए हैं। दुखहरन का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। 20 घंटे बाद भी चेतराम का पता नहीं चल सका है। लौकहवा डिप पर बाढ़ के पानी में सोमवार को बह रहे परिवहन निगम बलरामपुर डिपो के चालक को लोगों ने बचा लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम लौकहवा डिप पर बाढ़ के पानी में फंसी एंबुलेंस में फंसे लोगों को सहायता पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत मकुनहवा के पूर्व प्रधान चेतराम वर्मा अपने अन्य चार साथियों को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से पानी में उतर गए। तेज बहाव में चेतराम व उनके साथी बहने लगे। आस पास के लोगों ने चेतराम के चार साथियों को बचा लिया। चेतराम बाढ़ के पानी में बह गए। थानाध्यक्ष ललिया अरविंद गुप्ता ने बताया कि एसडीआरएफ (राज्य आपदा बचाव दल) टीम की मदद से चेतराम की तलाश कराई जा रही है।
वहीं गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के हरहटा बरहना निवासी दुखहरन (50) रविवार शाम गांव के निकट बाढ़ के पानी में सूखी लकड़ी पकड़ने के चक्कर में तेज बहाव में बह गए। सोमवार को एसडीएम तुलसीपुर विनोद सिंह ने बताया कि दुखहरन की लाश घटना स्थल से कुछ दूरी पर एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। सोमवार सुबह लौकहवा डिप पर ड्यूटी से वापस जा रहे ग्राम रतोही निवासी परिवहन निगम बलरामपुर डिपो के चालक सभाजीत मिश्र बाइक समेत बाढ़ के पानी में बहने लगे। आस पास के लोगों ने सभाजीत को बचा लिया। बाइक बाढ़ के पानी में बह गई है।