सपा में शामिल होते ओमवेश और आरके चौधरी।
- फोटो : amar ujala
बसपा सरकार में मंत्री रहे आरके चौधरी ने अपनी पार्टी BS4 का सपा में विलय कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा कई अन्य दलों के 300 छोटे-बड़े नेता भी अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सपा में शामिल हो गए। जिनमें पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश व पूर्व सांसद रामशंकर भार्गव हैं।
सपा में शामिल होने के बाद आरके चौधरी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे घटिया पार्टी है। देश में सांप्रदायिक ताकतों का तेजी से उभार हो रहा है, जिनका सामना करने के लिए हमें एकजुट होना ही होगा।
उन्होंने कहा कि बीएस4 का हर कार्यकर्ता खुद को सपा का जमीनी कार्यकर्ता समझेगा। हालांकि, इस दौरान उनकी जबान फिसल गई और उन्होंने सपा की जगह बसपा कह दिया।
उन्होंने यूपीकोका को लेकर भी प्रदेश सरकार पर हमला बोला और कहा कि यूपीकोका विरोधियों को डराने के लिए लाया गया है, लेकिन सब मिलकर भाजपा का मुकाबला करेंगे।