प्रदेश सरकार ने ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए झोली खोल दी है।
अब स्वर्ण पदक विजेता को एक करोड़, रजत पदक विजेता को पचास लाख और कांस्य पदक विजेता को पच्चीस लाख देने की घोषणा की गई है।
सरकार ने मंगलवार को जारी शासनादेश में साफ किया कि खिलाड़ी चाहे जहां का हो उसे इनाम मिलेगा। इससे पहले केवल यूपी के खिलाड़ियों को क्रमश: 50, 25 और 15 लाख रुपये मिलते थे।
खेल निदेशक एसके सिंह ने बताया कि इस फैसले में लंदन ओलंपिक में पदक जीतने वाले सभी 6 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन्हें सैफई महोत्सव में 26 दिसंबर को सम्मानित किया जाएगा।
लंदन में सुशील कुमार (कुश्ती) और विजय कुमार (निशानेबाजी) ने रजत, जबकि मैरीकॉम (बॉक्सिंग), साइना नेहवाल (बैडमिंटन), गगन नारंग (निशानेबाजी) और योगेश्वर दत्त (कुश्ती) ने कांस्य पदक जीता था।
टीम वर्ग में ओलंपिक का स्वर्ण हासिल करने वाली टीम के हर खिलाड़ी को 50-50 लाख रुपये मिलेंगे जबकि रजत विजेता टीम के हर खिलाड़ी 25-25 लाख और कांस्य विजेत टीम के हर मेंबर को पदक वालों को 15-15 लाख रुपये दिया जाएगा।
इससे पहले टीम वर्ग में क्रमश: पंद्रह लाख, बारह लाख और दस लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान था।