माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राजधानी के दो सबसे पुराने और प्रमुख खेल केंद्र जल्द ही नए रंग-रूप में नजर आएंगे। खेल अवस्थापनाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में शासन ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम और चौक स्टेडियम के व्यापक जीर्णोद्धार की प्रक्रिया तेज कर दी है। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से दोनों स्टेडियमों में खेल सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। लक्ष्य है कि अगले तीन महीने में काम पूरा कर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का माहौल उपलब्ध कराया जाए।
शासन स्तर पर हुई बैठक में खेल सचिव सुहास एलवाई ने नामित कार्यदायी संस्था यूपी समाज कल्याण निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्ता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से स्पष्ट कहा गया कि केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल का नवीनीकरण तीन माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
राज्य सरकार ने 13 जुलाई 2026 को इस कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की थी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण के लिए 1 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना में विद्युत और नलसाजी संबंधी कार्य भी शामिल हैं।
वहीं, चौक स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल और बास्केटबॉल कोर्ट का नवीनीकरण कराया जाएगा। इसके साथ नया जिम और नया बास्केटबॉल कोर्ट भी बनाया जाएगा। इन कार्यों के लिए 617.13 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। प्रथम किस्त के रूप में 308.56 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। यह राशि बैडमिंटन हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट के नवीनीकरण और नए निर्माण कार्यों पर खर्च होगी।
बैठक में चौक स्टेडियम की खेल सुविधाओं के उन्नयन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य खेल मैदानों और हॉलों को आधुनिक स्वरूप देकर स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यदायी संस्था को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।