गंभीर बीमारी या निशक्तता के कारण चलने-फिरने में लाचार व उम्रदराज पेंशनरों को पेंशन सत्यापन के लिए जीवित प्रमाणपत्र पाने के लिए अब ट्रेजरी या बैंक तक दौड़ लगाने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। प्रशासन ने ऐसे पेंशनरों को राहत दिलाने को अब घर बैठे सत्यापन की व्यवस्था मुहैया कराई है।
इसके लिए जरूरतमंद को केवल कलेक्ट्रेट ट्रेजरी द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0522--2611926 पर कॉल कर ट्रेजरी अधिकारी को अपनी परेशानी और पता बताना होगा। कॉल सत्यापन के बाद ट्रेजरी स्तर से सक्षम अधिकारी स्वयं कॉलकर्ता पेंशनर के घर जाकर 24 घंटे में जीवित होने का सत्यापन कर प्रमाणपत्र जारी कर पेंशन रिलीज कराएगा।
यह जानकारी कलेक्ट्रेट कोषागार के मुख्य कोषागार अधिकारी संजय सिंह ने दी। संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल यह सुविधा चिह्नित श्रेणी के पेंशनरों को ही मिलेगी। ट्रेजरी से विभिन्न विभागों के 50 हजार से अधिक लोगों की पेंशन बैंक खातों में जारी होती है।
सीटीओ ने बताया कि श्रेणीबद्ध पेंशनर के लिए घर बैठे सत्यापन की व्यवस्था पूरे प्रदेश के सभी राजकीय कोषागारों में लागू की गई है। अभी तक अधिकांशत: नवंबर व दिसंबर में पेंशनधारकों को ट्रेजरी पहुंचकर खुद ही जीवित होने का प्रमाण पत्र देना जरूरी होता था।