पुराने शहर में उपद्रव के दौरान रिवॉल्वर लहराकर पुलिस पर फायरिंग करने के आरोपी को बाजार खाला पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा सआदतगंज पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ लूट, आगजनी व बलवा के दो और मुकदमे दर्ज करने के साथ 35 शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस भेजा है।
एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि शबीह-ए-ताबूत जुलूस में पत्थर फेंकने को लेकर बुधवार सुबह बवाल के दौरान बिल्लौचपुरा के फरदीन नामक युवक ने रिवॉल्वर लहराते हुए पुलिस पर फायरिंग की थी।
फोटो के आधार पर पहचान कर उसकी तलाश की जा रही थी। इंस्पेक्टर बाजार खाला नरेंद्र सिंह राणा ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है। लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद करने के लिए पूछताछ की जा रही है।
इसके साथ अन्य चिह्नित उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी हैं। उधर, सआदतगंज के काजमैन रोड निवासी अंसार हुसैन ने नईम, गुड्डू, उनके भांजे व अन्य साथियों पर अपनी साइकिल की दुकान में तोड़फोड़, आगजनी व लूटपाट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसी थाना क्षेत्र के न्यू पानी की टंकी के पास रहने वाले शहाब आलम ने जावेद चूल्हे वाले के बेटे, गूंगा, दानिश, शानू समेत 40 व्यक्तियों पर अपनी प्लास्टिक फैक्ट्री में तोड़फोड़ व आगजनी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस
उपद्रव के दौरान दूसरे पक्ष व पुलिस पर लाइसेंसी असलहे से फायरिंग के मामले में गंभीरता से कार्रवाई शुरू हो गई है।
एसएसपी ने बताया कि एसओ सआदतगंज समर बहादुर यादव ने इलाके के 35 शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस भेजा है। इन पर शस्त्र लाइसेंस के नियमों का पालन न करने का आरोप है।
पुलिस व प्रशासन की मदद के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाते हैं, जबकि पुराने शहर में बवाल के दौरान लोगों ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जा रही पुलिस टीम पर लाइसेंसी असलहों से फायरिंग करके बाधा पहुंचाई।