पिटाई में घायल वृद्ध कारोबारी की मौत, प्रदर्शन
लखनऊ। बाजारखाला स्थित एलडीए कॉलोनी में 15 मार्च को हुई मारपीट में घायल खोया कारोबारी संत प्रकाश गुप्ता (60) की बृहस्पतिवार को अस्पताल में मौत हो गई। कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने हैदरगंज तिराहे पर प्रदर्शन किया। पुलिस से कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई है।
संत प्रकाश गुप्ता के बेटे यश ने बताया कि 15 मार्च को पड़ोसी सतीश शर्मा सहित कई लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते घर पर हमला कर दिया। ईंट-गुम्मे चलाए और परिवार से मारपीट की थी। चोटिल संत प्रकाश की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने हैदरगंज तिराहे पर प्रदर्शन किया। एसीपी बाजारखाला वीरेंद्र विक्रम और इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। परिवार में पत्नी पूनम व तीन बच्चे हैं।
मामूली धारा में दर्ज किया था केस
यश ने पड़ोसी सतीश शर्मा, लतली शर्मा, अतुल, आशुतोष, रागिनी, प्राची, रुचि शर्मा, अनुपम शर्मा, गिरीश शर्मा, प्रभा शर्मा और गरिमा शर्मा के खिलाफ बाजारखाला थाने में तहरीर दी थी। 16 मार्च को पुलिस ने मामूली धारा में केस दर्ज किया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद है। यश का आरोप है कि आरोपी मकान बेचने का दबाव डाल रहे हैं।