दुबई में युवक की गिरफ्तारी का डर दिखाकर भाई से डेढ़ लाख ठगे
लखनऊ। दुबई में मौजूद युवक की गिरफ्तारी का डर दिखाकर जालसाज ने कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा निवासी सुशील कुमार से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने बुधवार को केस दर्ज कराया है।
सुशील के मुताबिक 24 मार्च की सुबह करीब दस बजे अनजान नंबर कॉल आई। फोनकर्ता ने अपना नाम हाजी अबुल बकर बताया। उसने जानकारी दी कि उनके भाई का वीजा खत्म हो रहा है। नवीनीकरण के लिए दिया गया टोकन भी मिस हो गया है। ऐसे में अवैध रूप से दुबई में रहने पर गिरफ्तारी हो सकती है। गिरफ्तारी से बचने के नाम पर जल्दी रुपये जमा करने की बात कही। सुशील के मुताबिक कॉल आने के बाद वह काफी घबरा गए और रुपये भेजने के लिए राजी हो गए।
तीन अलग-अलग खातों में जमा कराए रुपये
जालसाज के बताए गए इंडियन ओवरसीज बैंक की अमृतसर ब्रांच में 50 हजार रुपये, जादव रमेश भाई के बैंक ऑफ इंडिया की अमृतसर शाखा और डिंपल के बैंक ऑफ इंडिया के अकाउंट में दो बार में एक लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद भी रुपयों की मांग जारी रहने पर सुशील को शक हुआ। उन्होंने भाई से संपर्क किया तो पता चला कि वह सुरक्षित हैं।