लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे हर रोज लोगों की समस्याएं सुने, उनका समाधान करें और जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें।
शिवपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को कालीदास मार्ग स्थित जनसुनवाई भवन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने फोन पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रत्येक दिन निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं को सुनें और कार्रवाई भी सुनिश्चित करें ताकि जनता को इधर-उधर भटकना न पडे़।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्य व्यवहार और आचरण में सुधार लाएं और सरकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाने के लिए प्रेरित करें।
यदि किसी व्यक्ति ने उन्हें अवगत कराया कि कोई अधिकारी समस्याओं के समाधान में लापरवाही दिखा रहा है तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा, प्रदेश सरकार जनता के हितों के लिए कटिबद्ध है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।