लखनऊ। पेयजल व सीवर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जलकल विभाग ने कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को आने वाली शिकायतों पर जलकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। अफसर मौके पर गए और पानी के नमूने लिए।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि जोन एक के अंतर्गत आने वाले प्रमुख पंपिंग स्टेशनों और इलाकों का निरीक्षण किया गया। लालबाग जोनल पंपिंग स्टेशन, मीराबाई जोनल पंपिंग स्टेशन व नरही बाजार के सेठ रामजस लेन, बालेश्वर मंदिर लेन, रामजस रोड और तुफैल अहमद लेन में पानी की गुणवत्ता जांची गई।
वहीं जोन दो में राजाजीपुरम क्षेत्र की जिम्मेदारी पीएसएस राजेश कपूर को दी गई थी, जिन्होंने क्षेत्र में जल आपूर्ति का निरीक्षण करते हुए नमूनों की जांच की। जोन तीन में खदरा, निरालानगर, अलीगंज, जोन पांच के आजादनगर, नटखेड़ा, कैलाशपुर, प्रेमनगर और चंदननगर में अधिशासी अभियंता विश्वनाथ गुप्ता जलापूर्ति प्रणाली की स्थिति की समीक्षा की और लोगों से फीडबैक लिया गया।