रामलला के दर्शन कर बाहर आते श्रद्धालु
- फोटो : amarujala
रामनगरी अयोध्या के अधिग्रहीत परिसर में बृहस्पतिवार को अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर आला अधिकारियों समेत परिसर की सुरक्षा से जुड़े अधिकारी रामजन्मभूमि परिसर पहुंच गए और छानबीन शुरू की गई। उधर इस घटना की सूचना से श्रद्धालुओं में भी कौतहुल रहा।
अयोध्या में अधिग्रहीत परिसर में गुरुवार भोर से मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर के पास गड्ढे से अनवरत धुआं निकलता दिखा। सूचना पर रामजन्मभूमि परिसर के रिसीवर/कमिश्नर मनोज मिश्र, डीएम डॉ. अनिल पाठक समेत सुरक्षा में तैनात अफसरों व खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
धुआं निकलने वाली जगह पर पानी डलवा कर समाप्त कराया गया। जानकारी के अनुसार विवादित परिसर में सुरक्षा कर्मियोें के रहने के लिए टेंट लगाया गया है, टेंट के लिए गड्ढे खोदकर खंभे लगाए गए हैं। उन्हीं में से एक खंभे से भोर से ही धुआं या भाप निकलने लगा। जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। आनन-फानन अधिकारियों को सूचना दी गई।