सीतापुर में प्रिंसिपल और बीएसए विवाद में ऑफिसर्स एसोसिएशन BSA के समर्थन में उतरा है। एसोसिएशन ने डीजी को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। कहा कि बीएसए के साथ हुई घटना गंभीर है। उन्हें सुरक्षा मिलनी चाहिए।
यूपी के सीतापुर में बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह के साथ प्रधानाध्यापक बृजेंद्र कुमार वर्मा द्वारा की गई मारपीट के मामले में यूपी एजुकेशनल ऑफिसर्स एसोसिएशन बीएसए के समर्थन में आया है। एसोसिएशन ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी को पत्र भेजकर अधिकारियों के साथ होने वाली घटनाओं का संज्ञान लेने की मांग की है।
विज्ञापन
संघ के अध्यक्ष कौस्तुभ कुमार सिंह की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सीतापुर बीएसए के साथ पदीय दायित्वों के निर्वहन के समय यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि संघ की कार्यकारिणी ने इस घटना की निंदा की व रोष व्यक्त किया है। उन्होंने ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए त्वरित उपाय करने की बात कही है। साथ ही इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जांच कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट देगी
महासचिव विनय कुमार सिंह ने बीएसए को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की। वहीं दूसरी तरफ शनिवार को जिलाधिकारी सीतापुर की पहल पर स्कूल में पठन-पाठन शुरू करा दिया गया। इससे निदेशालय के अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है। वहीं जांच कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट देगी।