लखनऊ। कृषि विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हीरक भट्टाचार्य (79) को पांच दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ 18 लाख 55 हजार रुपये ठगने के मामले में छानबीन तेज कर दी गई है। साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने जालसाजों के खातों में ठगी के 18 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए हैं।
इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि ठगों ने 18 खातों में रकम ट्रांसफर की थी। 18 लाख रुपये फ्रीज कराने के बाद पुलिस खाताधारकों का पता लगा रही है। माना जा रहा है कि किराये के खातों में ठगों ने रकम मंगवाई थी। खाते पश्चिम बंगाल, उड़ीसा समेत अन्य राज्यों के हैं। उधर, हीरक परिवार समेत दिल्ली चले गए हैं। शुक्रवार को उनके इंदिरानगर स्थित मकान पर ताला मिला।