लखनऊ। मानकनगर क्षेत्र में रविवार शाम युवक ने दुकान पर बैठी युवती को घसीटकर पीटा। इसके बाद उसके साथ अश्लीलता व छेड़खानी भी की। बीच-बचाव में आई छोटी बहन को भी आरोपियों ने मारकर चोटिल किया। पीड़िता की शिकायत पर मानकनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
आरोप है कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे मेहंदीखेड़ा में रहने वाले विकास यादव मानकनगर क्षेत्र में दुकान पर बैठी युवती को घसीटते हुए रोड पर ले गया और उसके साथ मारपीट व छेड़खानी की। इस घटना को देख पड़ोस की दुकान पर मौजूद लोग बचाने के लिए दौड़े तो आरोपी उनपर भी हमलावर हो गया। आरोप है कि उसकी छोटी बहन बचाने आई तो आरोपी के भाई-बहन व मां ने एक राय होकर उसे भी मारा और जाते समय अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। मानकनगर थानाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सोमवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।