लखनऊ। दीपावली पर अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन के लिए गुजरात समेत अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने उधना-अयोध्या कैंट स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए हैं। पहले इन ट्रेनों का संचालन 28 अगस्त तक प्रस्तावित था। अब दोनों स्पेशल ट्रेनें नवंबर तक चलेंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, ट्रेन नंबर 09093 स्पेशल उधना, सूरत से 16 अक्तूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और 09097 स्पेशल छह अक्तूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इसी तरह अयोध्या कैंट से 09094 स्पेशल 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और 09098 स्पेशल सात अक्तूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को रवाना होगी।
अयोध्या कैंट से ट्रेन दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 4:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन शाम 5:30 बजे उधना पहुंचेगी। वापसी में उधना से ट्रेन सुबह 6:45 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 9:05 बजे लखनऊ होते हुए 11:30 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। ट्रेनें बाराबंकी, कानपुर, टूंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा और भरूच समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी।