रायबरेली। रेलवे में यूनियन की मान्यता संबंधी चुनाव की बृहस्पतिवार को सभी पांचों मंडल मुख्यालयों में मतगणना कराई गई। अब तक हुई मतगणना के नतीजों से साफ जाहिर है कि नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) को मान्यता मिल जाएगी। चुनावी मैदान में पांच यूनियनें उतरी थीं। इनमें सिर्फ दो यूनियनों के बीच मुकाबला दिखा, जबकि तीन यूनियनों के खाते में वोट काफी कम रहे।
मान्यता संबंधी चुनाव के लिए 4, 5, 6 दिसंबर को मतदान कराया गया था। जिले में चार पोलिंग बूथ रायबरेली, डलमऊ, बछरावां और ऊंचाहार में बने थे। उत्तर रेलवे जोन में पांच यूनियनें मैदान में उतरी हैं, जिनमें नार्दर्न रेलवे इंप्लाइज यूनियन, नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन, स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन, उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन और उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन शामिल हैं। उत्तर रेलवे जोन में पांच मंडल लखनऊ, दिल्ली, मुरादाबाद, अंबाला और फिरोजपुर आते हैं। मतों की गणना इन्हीं पांच मंडल मुख्यालयों में कराई गई।
लखनऊ मंडल में 17687 वोट थे। सबसे ज्यादा 8251 वोट एनआरएमयू को मिले। यूआरएमयू के खाते में 6474 वोट आए। बाकी वोट अन्य तीनों यूनियनों ने बटोरे। एनआरएमयू के सहायक मंडल मंत्री सुधीर तिवारी का कहना है कि उनकी यूनियन सभी पांचों मंडलों में आगे रही, जिससे मान्यता मिलना तय है।
लखनऊ में मतगणना से लौटे पदाधिकारियों ने जश्न मनाया। रेलवे स्टेशन स्थित यूनियन भवन में भी पूरे दिन मतगणना को लेकर मंथन चलता रहा। जश्न में शील कुमार सिंह, राकेश तिवारी, रवि रंजन कुमार, अलताफ अहमद, देव कुमार, नीरज गुप्ता, शिव बहादुर, तपन शर्मा, निर्मल वाजपेयी आदि मौजूद रहे।
यूआरएमयू ने भी पूरा जोर लगाया
रेलवे में यूनियन की मान्यता संबंधी चुनाव में उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) ने भी पूरा जोर लगाया है। यही वजह है कि यह यूनियन सभी पांचों मंडलों में बराबर टक्कर देती रही और दूसरे नंबर पर चल रही है। यूआरएमयू के पदाधिकारी अपनी सफलता को लेकर आश्वस्त हैं।
यूआरएमयू के सहायक मंडल मंत्री लवकुश सोनकर ने बताया कि भले ही यूनियन दूसरे नंबर पर चल रही है, लेकिन मान्यता मिलने के लिए जरूरी वोट उनके खाते में आएंगे। मान्यता मिलने में कोई बाधा नहीं आएगी। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों संग खुशी मनाई। इस मौके पर दिनेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, अनिल कश्यप, उमेश कुमार, जितेंद्र कुमार, हरिकेश, अनुराग, महेश, राजीव, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।