डेन नेटवर्क से जुड़े केबिल कनेक्शनों पर ठप सोनी से जुड़े मनोरंजन चैनलों का प्रसारण शनिवार देर रात शुरू हो गया।
दिल्ली में दोनों ही कंपनियों के प्रमोटर स्तर पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया।
सोनी इंटरटेनमेंट कंपनी व डेन नेटवर्क प्रमुख के बीच फिलहाल पुरानी शर्तों के आधार पर ही 31 मार्च तक उपभोक्ताओं तक सोनी व उसके बुके में शामिल अन्य चैनलों का प्रसारण किए जाने पर सहमति बनी है।
रविवार सुबह तक प्रसारण तय
शहर में डेन नेटवर्क से जुड़े एक प्रमुख मल्टी सिस्टम आपरेटर ने सोनी व उससे जुड़े चैनलों के प्रसारण पर चल रहा विवाद खत्म हो जाने की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार आधी रात के बाद अथवा रविवार सुबह तक शहर में डेन नेटवर्क से जुड़ी सभी केबिल उपभोक्ताओं के यहां सोनी चैनलों का प्रसारण शुरू हो जाएगा।
बारह दिन पहले सोनी कंपनी के साथ पैकेज शुल्क को लेकर उपजे विवाद के बाद डेन नेटवर्क से जुड़े देशभर के एमएसओ ने केबिल टीवी पर सोनी व उसके बुके में शामिल एक दर्जन अन्य चैनलों का प्रसारण बंद कर दिया था।
कोर्ट में दर्ज करायी थी शिकायत
सोनी प्रसारण ठप हो जाने से परेशान केबिल उपभोक्ताओं को इससे छुटकारा दिलाने के लिए सोनी कंपनी ने दिल्ली स्थित टीडी एसएटी ट्रिब्यूनल कोर्ट में मामले को शिकायत दर्ज करायी थी। उक्त विवाद को सुलझाने के लिए ट्रिब्यूनल कोर्ट ने दोनों कंपनियों के प्रमुखों को आपसी बातचीत का सुझाव दिया था।
इसी के अनुपालन में शनिवार को दोपहर बाद सोनी कंपनी की तरफ से प्रमोटर एनपी सिंह व डेन केबिल नेटवर्क की तरफ से प्रमोटर समीर मनचंदा की विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने के लिए बातचीत हुई।
सूत्रों का कहना है कि बातचीत में विवाद को खत्म किए जाने के लिए इस बात पर सहमति बनी कि फिलहाल पुरानी शर्तों के आधार पर ही डेन नेटवर्क सोनी चैनलों का प्रसारण केबिल दर्शकों तक पहुंचाएगा।
इस दौरान दोनों ही पक्ष एक अप्रैल 2014 से लागू होने वाले नए अनुबंध की शर्तों इत्यादि को लेकर आपस में सहमति तैयार करेंगे।
शहर में डेन केबिल से जुड़े प्रमुख एमएसओ ओमेश्वर सिंह ने देर रात दोनों कंपनियों के बीच सोनी प्रसारण को लेकर चल रहे विवाद के खत्म होने की जानकारी देते हुए बताया कि जल्दी ही शहर में डेन नेटवर्क से जुड़े केबिल टीवी पर बंद चैनलो का प्रसारण पुन: शुरू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि डिजिटलाइजेशन के बाद किसी भी बंद चैनल का प्रसारण शुरू होने में कुछ समय लगता है। इस लिए शनिवार आधी रात के बाद तक शहर में डेन नेटवर्क पर सोनी का प्रसारण फिर शुरू हो जाएगा।