कटियार ने कहा कि इसी तरह राममंदिर आंदोलन के हर संघर्ष में उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से आगे बढ़कर अपना योगदान दिया है। सदियों के संघर्ष की अब सुखद परिणति होने जा रही है, आंखे यह दिन देखने के लिए तरस रहीं थी।
उन्होंने यह भी कहा कि अब राममंदिर निर्माण होने जा रहा है, हमारा काम समाप्त है। जिनको मंदिर बनाना है वह बनाएंगें हम अब तो काशी व मथुरा में डेरा डालेंगें, वहां आंदोलन चलाएंगें। कहां पहले डेरा डालना है इस पर विचार करेगें।
पूर्व सांसद ने कहा कि राममंदिर का भूमि पूजन ऐतिहासिक काम है। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी भूमि पूजन करने आ रहे हैं यह और भी सौभाग्य की बात है। जब तक राममंदिर का अस्तित्व रहेगा तब तक नरेंद्र मोदी का नाम रहेगा। ये हमारे लिए भी सौभाग्य की बात है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामभक्त हैं और भूमिपूजन करने के लिए आ रहे हैं।
कटियार ने ओवैसी पर साधा निशाना
विनय कटियार ने राममंदिर के भूमि पूजन को लेकर विरोध करने वाले ओवैसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सौ हाथियों का बल लेकर अयोध्या आ रहे हैं, बाकी भौंकने वाले भौंकते रहें।
राममंदिर का भव्य भूमिपूजन होगा, जो ऐतिहासिक इवेंट बनने जा रहा है। हर अयोध्या वासी इस महत्वपूर्ण शुभ घड़ी से ह्रदय से जुड़ा हुआ है, पूरी रामनगरी ऐसा दृश्य बनाएगी कि भूमि पूजन की तिथि इतिहास में सदा के लिए अमर हो जाएगी।