लखनऊ। राजधानी में एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा था। कभी तेज हवाएं चलीं तो कभी बूंदाबांदी से तापमान में आई गिरावट ने गर्मी से राहत मिली। अब मौसम में स्थिरता आने के संकेत हैं। सोमवार से राजधानी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।
रविवार को सुबह से ही धूप खिलने से गर्माहट बढ़ गई। बीते बृहस्पतिवार से रविवार तक अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो चुकी है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को फिर से तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम पारा 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।