न फाइनेंस की खातिर बैंक के चक्कर लगाने का झंझट, न ज्यादा ईएमआई और साथ में डिस्काउंट अलग। यह फंडा अपनाया है कार कंपनियों ने बड़ी गाड़ियों का शौक रखने वालों तक अपनी पहुंच बनाने के लिए।
साथ ही ज्यादा से ज्यादा ग्राहक बनाने के लिए कंपनियों के बीच अफोर्डेबल मॉडल उतारने की होड़ मची हुई है।
यही वजह है कि अब ऑडी, मर्सडीज, फोक्सवैगन और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी कारें ज्यादा से ज्यादा लोगों की पहुंच में हैं।
यूपी में कार कंपनी मर्सिडीज बेंज के टीम लीडर राहुल निगम कहते हैं कि उनकी कंपनी डैलमर फाइनेंशियल सर्विसेज के तहत फाइनेंस की सुविधा दे रही है।
यह स्कीम बैंकिंग स्कीम से अलग है। हमारी स्कीम पर डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। डिस्काउंट क्लास ए से क्लास सी तक, अलग-अलग वेरियंट के अनुसार तय है।
ऑडी लखनऊ व कानपुर की मार्केटिंग मैनेजर पूर्वी गुप्ता कहती हैं कि लखनऊ में लग्जरी कार के बढ़ते मार्केट को देखते हुए ऑडी इंडिया ने भी फाइनेंस स्कीम शुरू की है।
इसमें लग्जरी कार के शौकीन हर महीने 1,200 रुपये प्रति लाख की इंस्टॉलमेंट पर लग्जरी कार घर ले जा सकते हैं। इस स्कीम में 11 सामान्य किस्तें तय की जाती हैं।
इनका अधिकतम 7 गुना एक साथ 12वीं इंस्टॉलमेंट में चुकाया जा सकता है। वे उदाहरण देती हैं कि ऑडी का सबसे कम दामों का वेरियंट करीब 25 लाख रुपये का है।
जिस पर अगर उपभोक्ता 20 लाख का फाइनेंस लेता है तो उसे हर महीने करीब 24 हजार की किस्त देनी होगी। वहीं 12वीं इंस्टॉलमेंट में वह अधिकतम 1.68 लाख रुपये तक चुका सकता है।
पूर्वी के अनुसार इसका फायदा कारोबारी तबके को होगा जो साल के खत्म होने के समय मिलने वाली रकम का उपयोग कर सकते हैं। कई और ऑफर तैयार किए जा रहे हैं।
ऑडी लखनऊ के सेल्स हैड हर्ष गौड़ कहते हैं कि इस सीजन से लग्जरी कार बाजार ने बड़ी उम्मीदें बांधी हैं। खुद लग्जरी कार कंपनियां कम रेंज के मॉडल उतार रही हैं।
राजधानी की सड़कों पर मर्सिडीज, ऑडी, फोक्सवैगन, बीएमडब्ल्यू, जगुआर जैसी कई लग्जरी कार निर्माता कंपनियों की करीब 400 गाड़ियां हर साल बाजार में उतारी जा रही हैं।