अब 20 तक जमा करें एमबीए की एडमिशन फीस
लविवि ने एक साथ पूरी फीस जमा कराने के नियम में दी छूट
22 जुलाई को होगी अगले चरण की काउंसलिंग की घोषणा
लखनऊ विश्वविद्यालय ने प्रबंधन के परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए फीस जमा करने की अंतिम तारीख 20 जुलाई तक बढ़ा दी है। इसके साथ ही विवि ने टुकड़ों में फीस जमा करने का विकल्प भी दिया है। इसका फायदा बृहस्पतिवार को सुबह 11.30 बजे के बाद से मिलेगा। अभ्यर्थी का दाखिला पूरी फीस जमा करने के बाद ही माना जाएगा। लविवि ने अगले चरण की काउंसलिंग की घोषणा 22 जुलाई को करने की बात कही है।
लविवि ने एमबीए की आवंटन सूची 13 जुलाई को जारी की थी। इसकी फीस जमा करने के लिए 17 जुलाई तक का समय दिया गया था। कुछ अभ्यर्थियों की शिकायत थी कि उनके डेबिट कार्ड से एक साथ पूरा भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस वजह से वे फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। इसको देखते हुए लविवि ने पूरा भुगतान एक साथ करने के बजाय टुकड़ों में करने का विकल्प दिया है। इस प्रक्रिया में पहला भुगतान 40 हजार रुपये का करना होगा। इसके बाद बची हुई राशि का भुगतान होगा।
रिपोर्ट करना अनिवार्य
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि जो अभ्यर्थी 17 जुलाई तक फीस का भुगतान कर चुके हैं उन्हें 19 जुलाई को संबंधित विभाग में रिपोर्ट करना है। जो अभ्यर्थी इसके बाद फीस जमा करेंगे उन्हें रिपोर्ट करने के लिए 21 जुलाई तक का समय दिया जाएगा।
दो पाठ्यक्रमों में सीट के मुकाबले 60 फीसदी से कम आवंटन
विवि के नये नियमों के अनुसार 60 फीसदी सीटें न भरने पर उस पाठ्यक्रम पर ताला लगा दिया जाता है। फिलहाल एमबीए मार्केटिंग और एमबीए आईबी इसकी जद में है। विवि में पुराने परिसर में संचालित लखनऊ यूनिवर्सिटी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (लुंबा) में एमबीए रेग्युलर और एमबीए सेल्फ फाइनेंस की सभी 60-60 सीटों पर आवंटन हो चुका है। नये परिसर में आईएमएस में संचालित एमबीए एचआर की 120 सीटों पर 99, एमबीए फाइनेंस की 120 सीटों पर 114, एमबीए आईबी में 60 सीटों पर 30, एमबीए मार्केटिंग में 120 सीटों पर 60 और मास्टर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट में 60 सीटों पर 46 दाखिले हुए हैं।