शाहरुख खान अब 11 अक्टूबर को कानपुर भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मैच को स्टेडियम में बैठकर नहीं देख पाएंगे। ऐसा सुरक्षा कारणों के चलते हुआ है।
ग्रीनपार्क में मैच देखने की इच्छा जताने वाले अभिनेता शाहरुख खान को पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है मैच वाले दिन ग्रीनपार्क और शहर की कानून व्यवस्था को संभालना चुनौती है।
ऐसे में शाहरुख खान की सुरक्षा में फोर्स लगा पाना मुश्किल है। एडीएम सिटी अविनाश सिंह ने बताया कि यूपीसीए की ओर से शाहरुख खान के लिए मैच देखने की अनुमति मांगी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव आलोक रंजन मैच देखने आएंगे।
मालूम हो कि शाहरुख ने स्टेडियम में बैठकर मैच देखने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और बढ़ गया था। कानुपर में शाहरुख का युवाओं के बीच में क्रेज भी है।
चली लाठियां, दर्शकों के साथ अभद्रता
ग्रीन पार्क में 11 अक्तूबर को होने वाले भारत-साउथ अफ्रीका वन डे मैच की टिकट बिक्री के दौरान मंगलवार को भी क्रिकेट प्रेमियों पर कई राउंड लाठियां बरसीं। लड़कियों से अभद्रता भी की गई। हजारों लोग कई घंटे लाइन लगने के बाद भी टिकट से वंचित रह गए।
जिसका जुगाड़ था वह पीछे के दरवाजे से चंद मिनट में टिकट खरीदकर निकल गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों ने भी ‘अपनों’ को जुगाड़ से टिकट दिलाया।
सोमवार की रात से ही क्रिकेट प्रेमी ग्रीनपार्क में टिकट काउंटर के सामने डट गए थे। मंगलवार को सुबह आधे घंटे देर से 10:30 बजे टिकट बिक्री शुरू हुई। लड़के एक दूसरे को धक्का देते हुए आगे बढ़े। धक्का लगने से पीछे लाइन में लगे लड़के आगे आ गए। इस पर कुछ लड़कों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया।
पुलिस वालों ने लड़कों को लठियाकर लाइन में लगाया। दोपहर 12:30 बजे लंच के नाम पर काउंटर बंद कर दिया गया। आधा घंटा पहले काउंटर बंद करने पर लड़कों ने फिर हंगामा किया। पुलिस वालों ने फिर लठियाया।
दोपहर दो बजे काउंटर से टिकट बिक्री फिर शुरू हुई। इसी बीच एक युवक गश खाकर गिर गया। सिपाहियों ने उसे किनारे लिटा दिया। कुछ देर बाद युवक उठकर चला गया। टिकट जल्दी लेने के लिए लाइन में फिर धक्कामुक्की होने लगी।
पुलिस वालों ने फिर लाठी घुमाकर युवकों को लाइन में लगवाया। बिहार से आए शिवानंद कुमार, अभयानंद, मनीष कुमार, आनंद कुमार और अश्वनी ने बताया कि सोमवार से लाइन में लगने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं मिला। टिकट बिक्री के दौरान किसी तरह के हंगामे पर नियंत्रण के लिए कोतवाली, रायपुरवा, कर्नलगंज और छावनी थाने की पुलिस फोर्स तैनात थी।
खूब हुई टिकटों की कालाबाजारी
ग्रीनपार्क के अंदर ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों ने टिकट बिक्री में जमकर कालाबाजारी की। दोपहर बाद दोनों काउंटर पर अंदर से पुलिस वालों ने लाइन लगवाकर टिकट खरीदवाए। कुछ आईडी लेकर स्वयं टिकट ले रहे थे। स्टूडेंट गैलरी के टिकट पांच सौ रुपये और पब्लिक गैलरी के टिकट एक हजार रुपये में बेचे गए। जैसे ही मीडिया वाले पहुंचे तो पुलिस वाले इधर-उधर भागने लगे।
ग्रीनपार्क में डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह के आने की सूचना पर गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद पुलिस वाले कुछ लड़कों को अपने साथ लेकर हॉस्टल की तरफ जा रहे थे।
दोपहर करीब 2:30 बजे ग्रीनपार्क के अंदर ई-पब्लिक और बी-स्टूडेंट गैलरी काउंटर के बाहर कुछ लड़के और सिपाही टिकट लेने के लिए लाइन लगाए थे। बी-स्टूडेंड गैलरी काउंटर के सामने बने चबूतरे पर बकायदा लोगों को पुलिस वालों ने बैठा रखा था।
कई सिपाही आईडी प्रूफ लेकर टिकट अंदर से लेकर आ रहे थे आर बाहर सौ रुपये वाला स्टूडेंट गैलरी का टिकट पांच सौ रुपये में बेच रहे थे। दो सौ रुपये वाला पब्लिक गैलरी का टिकट एक हजार में दिया। ग्रीनपार्क के अंदर काउंटर के पास भीड़ देखकर मीडिया वाले पहुंचे तो पुलिस वाले लाइन में लगे लड़कों को भगाने लगे और खुद वहां से बाहर की तरफ भाग गए।