कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एनईआर प्रशासन ने रेंज की सभी ट्रेनों की एसी बोगियों से पर्दे और कंबल हटाने के निर्देश दिए हैं। सभी लांड्री को निर्देश दिया गया कि अग्रिम आदेश तक एसी बोगियों में कंबल न भेजें। इसके अलावा वाशिंग पिट प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि एसी टू बोगियों से भी पर्दे हटा दिए जाएं। रेलवे ने एहतियात के तौर पर वेटिंग हॉल, फुट ओवर ब्रिज रेलिंग, बेंच और लिफ्ट के बटन को भी सेनेटाइज कराना शुरू कर दिया है।
सीनियर सीडीओ की पहल एसी कोच में भेजे जाने वाले बेडरोल में नेफ्था बॉल डाला जा रहा है। बताया जाता है कि इससे बेड रोल सुरक्षित रहेंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर लगे रेलिंग, हैंडिल और वॉश बेसिन की सफाई करते हुए सेनेटाइज किया जा रहा है। खासकर ऐसे स्थानों पर सेनेटाइजेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जहां पर यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है।
भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सफाई बढ़ा दी गई है। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। एसी कोच में कंबल दिए जाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। वहीं इन कोचों से पर्दे हटाने का भी निर्देश दिया गया है।
- पंकज सिंह, सीपीआरओ, एनईआर