आवास विकास परिषद के फ्लैट अब घर बैठे भी खरीदे जा सकते हैं। परिषद ने इसे लेकर ऑनलाइन सेवा शुरू की है। जिसके जरिये आवेदक मनचाहा फ्लैट बुक कर सकते हैं।
उन्हें बाबुओं के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। फ्लैट खाली हैं, इसलिए लॉटरी का भी झंझट नहीं है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटन हो रहा है।
प्रदेश भर में आवास विकास परिषद की विभिन्न योजनाओं में करीब 12 हजार फ्लैट खाली पड़े हैं। इसमें करीब 4400 फ्लैट राजधानी की अवध विहार, वृंदावन और राजाजीपुरम बीबीखेड़ा योजना में ही खाली हैं।
ये फ्लैट जल्द बिकें, इसे लेकर आवास विकास परिषद समूह में 50 या इससे अधिक फ्लैट खरीदने पर 25 प्रतिशत तक की छूट दे रहा है। इसका प्रस्ताव भी बोर्ड में पास हो चुका है।
इसके अलावा परिषद ने फ्लैट बेचने को लेकर ऑनलाइन सुविधा भी शुरू की है। इसमें परिषद की वेबसाइट यूपीएवीपीडॉटइन पर जाकर फ्लैट बुक कर सकते हैं।
आप ऐसे अपना फ्लैट कर सकते हैं बुक
वेबसाइट के ऑनलाइन सर्विसेज पर जाकर क्लिक करना होगा। यहां ऑनलाइन फ्लैट बुकिंग और पंजीकरण का ऑप्शन मिलेगा। जहां क्लिक करने पर आवेदक को विवरण भरना होगा। इसके बाद एक वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) मोबाइल पर आएगा, जिसके बाद आवेदक मनचाही योजना में उपलब्ध फ्लैट बुक कर सकेगा। पंजीकरण राशि भी ऑनलाइन जमा हो जाएगी।
कहां-कहां खाली फ्लैट, कीमत सहित जानकारी
ऑनलाइन सुविधा के जरिये आवेदक यह भी जान सकते हैं कि प्रदेशभर में किस योजना में किस कीमत का फ्लैट खाली है। वह किस फ्लोर पर है, यह भी जानकारी वेबसाइट के जरिये मिल रही है।
समूह में 25 प्रतिशत तक की छूट
जो लोग 31 मार्च 2022 तक समूह में फ्लैट खरीदेंगे उनको परिषद छूट देगा। बोर्ड में पास हुए प्रस्ताव के तहत 25 से 49 फ्लैट एक साथ खरीदने वालों को 15 प्रतिशत और 50 से अधिक फ्लैट खरीदने वालों को 25 की छूट दी कीमत पर मिलेगी।
कहां खाली हैं फ्लैट
अवध विहार योजना-1900
वृंदावन योजना-1780
राजाजीपुरम बीबीखेड़ा-720
परिषद की ओर से यह सुविधा दी गई है कि लोग घर बैठे भी ऑनलाइन फ्लैट खरीद सकें। लॉटरी का कोई झंझट नहीं है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटन किया जा रहा है।
- प्रफुल्ल त्रिपाठी, उप आवास आयुक्त