स्वास्थ्य विभाग में ताबड़तोड़ तबादलों की सूची जारी होने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने लगभग 525 फार्मासिस्टों की तबादला सूची जारी की है। बीते 10 दिन में 1059 फार्मासिस्टों के तबादले किए जा चुके हैं।
इसके अलावा 765 पैरामेडिकल स्टाफ के तबादले किए गए हैं। इनमें लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन और डार्करूम सहायक शामिल हैं। लिपिकीय संवर्ग के 233 कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है।
तबादलों के विरोध में आंदोलन के लिए बैठक आज
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के उपाध्यक्ष ज्ञान चतुर्वेदी का कहना है कि तबादलों में शासन की नीति का ध्यान नहीं रखा गया है। कर्मचारियों को 300 से 700-800 किलोमीटर दूर भेजा जा रहा है। परिषद की केंद्रीय कार्यकारिणी ने तबादलों के विरोध में आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए शनिवार को बैठक बुलाई है।