लखनऊ। अउमऊ गांव के विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की जांच अब खुद लोकपाल करेंगे। बीडीओ ने गांव के माहौल को संवेदनशील बताते हुए जांच करने से हाथ खड़े कर दिए हैं।
माल विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अउमऊ निवासी विशाल कुमार ने ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बीते सात मई को लोकपाल से शिकायत की थी, जिस पर लोकपाल ने बीडीओ को जांच करने के निर्देश दिए थे। वहीं, अब लोकपाल कार्यालय को बीडीओ की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि उन्होंने नौ मई को इसकी जांच के लिए चौपाल लगाई थी, लेकिन वहां दोनों पक्ष विवाद करने लगे। बीडीओ ने गांव की स्थिति संवेदनशील बताते हुए जांच करने में असमर्थता जताई। जिसे लोकपाल ने गंभीरता से लेते हुए स्वयं जांच करने का निर्णय लिया है। लोकपाल राजाराम जैसवार ने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता और प्रधान पक्ष में विवाद होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर से फोर्स की मांग की है। फोर्स मिलने पर गांव में मौके पर जांच की जाएगी।