लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में हर शुक्रवार को लगने वाला गृहकर समाधान शिविर अब महीने में एक ही बार लगेगा। हर महीने के पहले शुक्रवार को इसका आयोजन होगा। इसमें मार्ग प्रकाश, सड़क, फॉगिंग, सफाई सहित अन्य शिकायतों की भी सुनवाई होगी।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि गलत जीआईएस सर्वे से गृहकर बढ़ने की शिकायतों के निस्तारण को 10 मई से समाधान शिविर शुरू किया गया था। पहले कैंप में 300-400 तक मामले आए। अब 50-60 मामले ही आ रहे हैं। ऐसे में अब महीने में एक ही बार समाधान शिविर लगेगा।
तीन गुना तक बढ़ा गृहकर हुआ कम
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को गृहकर समाधान शिविर में 61 मामले आए। शेखूपुरा कॉलोनी के किशन वर्मा ने बताया कि उनका हाउस टैक्स 600 रुपये से 2000 हजार रुपये कर दिया गया। शिविर में जांच के बाद यह 700 रुपये किया गया। इसी तरह गोमतीनगर के विभव खंड निवासी सुशील कुमार गुप्ता, भरत नगर की प्रभा मिश्रा, आलमनगर के कैलाश चंद्र सहाय, गोलागंज के कन्हैया लाल मौर्या को दो से तीन गुना तक बढ़े टैक्स से राहत मिली।