यूपी के सीतापुर जिले में पड़ने वाले सिधौली क्षेत्र में अचानक खुदाई से सोना निकलना शुरू हो गया। क्षेत्र के हुसैनगंज में एक मकान में नींव खोदाई के दौरान रविवार को अचानक सोने के जेवरात निकल आए। खबर फैलते ही आसपास के लोगों को मजमा लग गया।
थोड़ी ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने खोदाई में मिले जेवरात को कब्जे में ले लिया है। बरामद जेवरों की कीमत का अंदाजा नहीं लगाया जा सका है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हुसैनगंज निवासी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता रविवार को भवन निर्माण के लिए पुराने घर की नींव खोद रहे थे। इसी दौरान नींव में अचानक एक मिट्टी की मटकी नजर आई। मटकी बाहर निकली तो सभी की आंखें फटी की फटी रह गईं।
मटकी में कुछ जेवर व सिक्के मौजूद थे। खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
वहीं नींव में निकली मटकी को जेवरों समेत अपने कब्जे में ले लिया। जेवर काफी पुराने बताए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरामद जेवरों की संख्या 10 है व वजन करीब 59 ग्राम है। एसपी को पूरी जानकारी दे दी गई है।