लखनऊ। भारतीय डाक विभाग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खुद को मजबूत बना रहा है। इसके तहत वह अब डिजिटल पेमेंट एप पेटीएम, फोन पे, गूगल पे और भारत पे से जुड़ रहा है। इससे अब किसी भी बैंक खाते में आसानी से डिजिटल लेनदेन की सुविधा उपलब्ध होगी।
डाक विभाग के अनुसार, अब बचत खाताधारक बिना पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाए कई अहम वित्तीय कार्य घर बैठे ही निपटा सकते हैं। बैलेंस चेक करने, फंड ट्रांसफर करने, पोस्ट ऑफिस की विभिन्न बचत योजनाओं में निवेश और प्रबंधन की सुविधा भी दी जा रही है। अकाउंट मैनेजमेंट के तहत अपने खाते से जुड़ी जानकारी और सेवाओं को खुद ही मैनेज और अपडेट करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इन सेवाओं का लाभ उठाने और अधिक जानकारी के लिए ग्राहक डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।