लॉकडाउन के चलते लखनऊ विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर कक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने की अवधि बिना किसी विलंब शुल्क के छह मई तक बढ़ा दी है। इससे पहले लविवि ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 20 अप्रैल तक बढ़ाई थी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख बढ़ाई गई है। ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए सभी विद्यार्थियों की नैड आईडी होनी अनिवार्य है।
नैड आईडी बनाने के लिए विद्यार्थियों को विवि की वेबसाइट पर भी लिंक दिया गया है। परीक्षा फॉर्म भरने के बाद विद्यार्थियों को उसका प्रिंटआउट संबंधित कॉलेज में जमा करना होगा। कॉलेज के प्राचार्यों को ये प्रिंटआउट परीक्षा फीस के साथ नौ मई तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को उपलब्ध कराने होंगे।