लखनऊ। प्रसूता को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार का चार्ट अब सभी सीएचसी में चस्पा होगा। हर दिन के खाने के मैन्यू का भी उसमें जिक्र होगा। इसके अलावा चार्ट में वेंडर का नंबर भी दर्ज होगा, ताकि जरूरत होने पर तीमारदार शिकायत दर्ज करा सकें। सीएमओ ने इसका निर्देश देते हुए सख्ती से पालन कराने को कहा है। लापरवाही मिलने पर दो नोटिस के बाद टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा।
एनएचएम ने प्रसूता को खाना-नाश्ता देने के लिए 150 रुपये हर दिन का तय कर रखा है। सीएमओ ऑफिस से हुए टेंडर में एक निजी वेंडर को 135 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से ठेका मिला है। वेंडर के जरिये सीएचसी परिसर में खाना बनवाया जा रहा है। आरोप है कि खाने से पौष्टिक आहार गायब है। प्रसूता को फल, दलिया नहीं दिया जा रहा। सुबह नाश्ते में सिर्फ 10 रुपये दूध का पैकेट व चार ब्रेड थमाई जा रही है, मक्खन तक नहीं मिल रहा है। मामले की शिकायत आने के बाद सीएमओ ने वेंडर को हर सीएचसी पर डाइट चार्ट चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। ये डाइट चार्ट हर वार्ड में चस्पा में होगा, ताकि दिन के अनुसार खाने के मैन्यू व नाश्ते के बारे में तीमारदार जान सकें। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि खाना देने में कोताही होने पर कार्रवाई होगी।