होटलों को कोविड केयर सेंटर बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए शासन से आनंदी वाटर पार्क के रिसॉर्ट में बिना लक्षण वाले मरीज रखे जाने का आदेश जारी कर दिया है। यहां मरीज को सिंगल कमरे का 1600 और डबल का 2000 रुपये किराया देना होगा। यहां कुल 120 कमरे हैं।
शुक्रवार को देर शाम अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने यह आदेश जारी किया। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने शनिवार से यहां मरीजों को भर्ती करने की बात कही है। आदेश में बताया गया है कि आनंदी वाटर पार्क में सिंगल के लिए 25 फीसदी कमरे रखे जाएंगे। इन्हें छोटे बच्चों व 50 से 65 वर्ष की उम्र वालों को दिया जाएगा, जबकि 75 फीसदी कमरे डबल रहेंगे।
कमरे के किराए के अलावा खाने का अतिरिक्त भुगतान करना होगा। यहां स्वास्थ्य विभाग एक डॉक्टर, दो नर्स और एक फार्मेसिस्ट तैनात करेगा। यह टीम आठ घंटे पर बदलती रहेगी। यदि किसी मरीज की हालत गंभीर होती है तो उसे तत्काल एंबुलेंस से लेबल टू अस्पताल भेजा जाएगा। 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों, गर्भवती महिलाओं, असाध्य रोग से पीड़ित मरीजों, बिना अभिभावक वाले छोटे बच्चों को भर्ती नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर गुरुवार शाम सीएम व आला अफसरों की बैठक में पहले चरण में तीन होटलों को कोविड केयर सेंटर बनाने पर फैसला हुआ। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार देरशाम आनंदी वाटर पार्क के लिए आदेश भी जारी कर दिया गया, वहीं होटल लेवाना व पिकैडली के लिए भी जल्द ही शासन से आदेश जारी हो जाएगा।
पिकैडली में 100 बेड और लेवाना में 66 बेड हैं। इसके अलावा होटल हयात में 200 बेड, गोल्डन ट्यूलिप में 45 और क्रिस्टल इन इन में 36 बेड आरक्षित हैं। जरूरत पर इन होटलों में भी मरीजों को रखने की अनुमति शासन से मांगी जाएगी।