बड़े इमामबाड़े के बाद सोमवार की रात आखिरकार छोटे इमामबाड़े का ताला भी खुल गया। लेकिन ताला खोलने की एक शर्त भी रख दी गई है।
कोर्ट ने दिया था फैसला
आखिरकार छोटे इमामबाड़ा का ताला भी खुल गया। कोर्ट के आदेश और प्रशासन की सक्रियता के बाद रात 10 बजे के बाद इसे खोलने का फैसला लिया गया। ताला खोलने से पहले कल्बे जव्वाद ने वहां उमड़ी जनता को संबोधित किया।
उमड़े हुए जनसैलाब को संबोधित करते हुए कल्बे जव्वाद ने कहा कि इमामबाड़ा का ताला जरूर खोला जा रहा है लेकिन यदि प्रदर्शन कर रहीं महिलाएं चाहें तो वह गेट के अंदर भी अपना धरना बनाए रख सकती हैं। उन्होंने वसीम रिजवी की सीबीआई जांच की मांग भी की।
उन्होंने 24 घंटे के अंदर-अंदर वसीम रिजमी की गिरफ्तारी की बात भी की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो हालात पहले जैसे ही हो सकते हैं।
इसके पहले शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर महिला प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को दोपहर से बड़ी सुरक्षा चौकसी के बाद खू्रब हंगामा किया।
कुछ महिलाएं छोटे इमामबाड़े के गेट पर चढ़ गई और कुछ गेट पर ही मशाल लेकर आत्मदाह की चेतावनी दी और दिन भर ताला नहीं खोलने देने को लेकर अड़ी रहीं। देर रात मौलाना कल्बे जव्वाद ने छोटे इमामबाड़े पहुंच कर वकील व महिलाओं से हुई बैठक के फैसले का खुलासा किया और आखिरकार छोटे इमामबाड़े का ताला खोल दिया गया।
मुस्लिम महिला जागरूक मंच के तत्वावधान में एक माह से भूख हड़ताल पर डटी महिलाएं प्रदर्शनकारियों ने तकरीबन 26 दिन से छोटे इमामबाड़े का ताला डाल कर वसीम रिजवी का विरोध कर रही हैं।