जांच का तरीका बदलने से गिरा मरीजों का ग्राफ , अब 70 फीसदी टेस्ट एंटीजेन से
राजधानी में कोरोना की रफ्तार नहीं थमी है, बल्कि जांच का तरीका बदले जाने से कम मरीज मिल रहे हैं। शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग अब 70 फ ीसदी जांच एंटीजेन से कर रहा है।
वहीं 30 प्रतिशत ही आरटीपीसीआर जांच हो रही है। वहीं, जांच का ग्राफ भी कम होने से कोरोना मरीज मिलने की दर में कमी आई है।
स्वास्थ्य विभाग जिले में रोजाना आठ से दस हजार जांच करने का दावा कर रहा है। हालांकि, इसमें से करीब सात हजार जांचें एंटीजेन से कराई जा रही है।
आईसीएमआर की गाइडलाइन अनुसार एंटीजेन टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव होने पर उनकी आरटीपीसीआर जांच की जाती है, जिनमें लक्षण हैं।
वहीं, रोजाना दो से ढाई हजार की ही आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। हालांकि, हफ्ते भर पहले तक आरटीपीसीआर जांच अधिक कराई जा रही थी। इससे वायरस कमजोर होने पर भी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है। वहीं, एंटीजेन जांच में वायरस कमजोर होने पर रिपोर्ट निगेटिव आती है।
एंटीजेन जांच में कम मिल रहे पॉजिटिव
बलरामपुर अस्पताल में पहले एंटीजेन से रोजाना 60 से 70 मरीजों की जांच होती थी। इनमें से चार-पांच ही पॉजिटिव आते थे। वहीं, आरटीपीसीआर में रोजाना 15 से 20 मरीज पॉजिटिव आ रहे थे। यही हाल सिविल अस्पताल का था। यहां भी एंटीजेन जांच में संक्रमित मिलने वालों का ग्राफ बेहद कम था। आरटीपीसीआर में ज्यादा लोग पॉजिटिव आ रहे थे।
वायरस कमजोर होने पर नहीं फैलता संक्रमण
केजीएमयू के पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश के मुताबिक आरटीपीसीआर जांच में जिनकी सीटी वैल्यू 33 से अधिक निकलती है, उनमें वायरस प्रभावी नहीं रह जाता है। वह मरीज समुदाय में संक्रमण नहीं फैला सकते। जिनकी सीटी वैल्यू 13 से 17 के बीच रहती है, वे मरीज समुदाय में संक्रमण तेजी से फैला सकते हैं।
एंटीजेन में पॉजिटिव आने की संभावना कम
केजीएमयू के माइक्रोबॉयोलाजी विभाग में रोजाना पांच हजार से अधिक आरटीपीसीआर जांच हो रही है। एंटीजेन जांच महज दस से पंद्रह मरीजों की हो रही है। विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता जैन के मुताबिक, जिनमें वायरस कमजोर पड़ गया है, उनकी एंटीजेन जांच में पॉजिटिव होने की पुष्टि नहीं होती है। इसके लिए आरटीपीसीआर जांच जरूरी है। एंटीजेन जांच में सीटी वैल्यू अधिक होने पर रिपोर्ट निगेटिव आती है। यह 13 से 17 के बीच में होने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी।
कोरोना की जांच के तरीके व परिणाम
तारीख टेस्ट एंटीजेन आरटीपीसीआर पॉजिटिव
23 9915 5664 4251 738
24 8566 5344 3222 556
25 8546 5144 3402 646
(आंकड़ों में निजी अस्पतालों से कराए टेस्ट भी शामिल)
एंटीजेन जांच अधिक कराई जा रही
सीएमओ डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर अब एंटीजेन जांच अधिक कराई जा रही है। जिनमें लक्षण हैं, उनकी एंटीजेन टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव होने पर भी आरटीपीसीआर जांच हो रही है।