लखनऊ। लोहिया संस्थान में मरीजों को ओपीडी का पर्चा बनवाने में अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। न्यू रजिस्ट्रेशन हाल व आकस्मिक एचआरएफ काउंटर शुरू हो गया है। अब रजिस्ट्रेशन के लिए 9 के बजाय 33 काउंटर हो गए हैं। इस हॉल का लोकार्पण चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। इस अवसर पर उन्होंने एडवांस न्यूरो साइंसेज सेंटर का शिलान्यास भी किया।
निदेशक प्रो. सोनिया नित्यानन्द ने संस्थान की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 256,71 लाख रुपये में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने न्यू रजिस्ट्रेशन हॉल का निर्माण किया है। न्यू रजिस्ट्रेशन हॉल के प्रारम्भ होने से रजिस्ट्रेशन काउंटर की संख्या बढ़कर 33 हो जोगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। मरीज हॉल में बैठ भी सकते हैं। उनकी सहायता के लिए पीआरओ डेस्क की भी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि एचआरएफ काउंटर शुरू होने से मरीजों को दवाओं के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। इमरजेंसी एचआरएफ काउंटर 24 घंटे चलेगा। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि न्यूरो साइंस सेंटर का निर्माण समय पर पूरा होना चाहिए। सेंटर के संचालन के लिए जरूरी उपकरणों व मैन पावर की व्यवस्था भी समय पर की जाए, ताकि मरीजों को इलाज जल्द से जल्द मिल सके। कार्यक्रम में राज्यमंत्री चिकित्सा शिक्षा संदीप सिंह के साथ कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
एक छत के नीचे सभी सुविधाएं
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने संस्थान में न्यूरोसाइंस सेंटर का शिलान्यास किया तो डाक्टरों ने खुशी जताई। प्रो. सोनिया ने कहा कि प्रदेश के पहला ऐसा संस्थान होगा जहां एक ही छत के नीचे न्यूरो से जुड़ी सभी समस्याओं का इलाज हो सकेगा। न्यूरोलॉजी तथा न्यूरो सर्जरी एक ही काम करेंगे।
मरीज के लिए गोली है मीठी बोली
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि मरीज का इलाज सिर्फ दवाओं से ही नहीं किया जाता। यदि डाक्टर व स्टाफ उससे विनम्र व्यवहार करें तो उसकी आधी बीमारी यूं ही ठीक हो जाती है। उन्होंने कहा हमारी विनम्रता और मीठी बोली मरीज के लिए गोली का काम करती है। मरीज के इलाज के साथ.साथ उसके प्रति अच्छा व्यवहार भी रखना चाहिए। श्री खन्ना ने कहा कि जब किसी संस्थान, चिकित्सक व कर्मचारी की तारीफ की जाती है तो उस राज्य व सरकार का भी मान बढ़ता है। इसलिए सभी को लोग मरीजों के साथ उचित व्यवहार करें।