लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के एपी सेन सभागार में 10 सितंबर को ‘युवा संसद’ का आयोजन किया गया था। इस दौरान कार्यक्रम में कई छात्राओं ने उनके साथ अभद्रता, बैड टच और गाली-गलौज किए जाने के आरोप लगाए थे। इस मामले में लविवि के पांच छात्रों को नोटिस जारी किया गया है। छात्राओं ने पूरे मामले की कुलपति और रजिस्ट्रार से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद कुलसचिव ने मामले की जांच प्रॉक्टर को सौंपते हुए रिपोर्ट मांगी थी।
युवराष्ट्र नामक एक संगठन की ओर से विश्वविद्यालय में गत बुधवार को यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया था। इसके लिए विश्वविद्यालय का एपी सेन सभागार बुक किया गया था, जिसमें विवि के सभी छात्रावासों और शहर के अन्य कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी शामिल होने के लिए पहुंचे थे। पुरस्कार वितरण के समय एक पक्ष ने घोषित किए गए परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान कुछ छात्राओं ने कपड़े फाड़ने, गलत नीयत से छूने और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था। पीड़ित छात्राओं ने रजिस्ट्रार कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत की थी।
कोट
तीन छात्राओं ने छेड़खानी की शिकायत की थी। उनमें से एक 12वीं की छात्रा थी जबकि दो एक कॉलेज में स्नातक कर रही हैं। आरोपी लविवि के पांच छात्रों को नोटिस जारी किया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपी छात्र लविवि के हॉस्टल में रहते हैं।
- भावना मिश्रा, कुलसचिव, लविवि