लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) के निदेशक का आवास खाली करने को लेकर विभाग के भीतर हलचल तेज हो गई है। वर्तमान निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने मुख्य वन संरक्षक (नीति विश्लेषण एवं समन्वय), अदिति शर्मा को पत्र लिखकर सरकारी आवास खाली करने का औपचारिक अनुरोध किया है।
निदेशक द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में शर्मा जिस आवास में रह रही हैं, वह प्राणि उद्यान ट्रस्ट की संपत्ति है। नियमों के मुताबिक, इस आवास का उपयोग केवल ट्रस्ट और चिड़ियाघर के कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। पत्र में उल्लेख है कि मानवीय दृष्टिकोण और पूर्व में किए गए आग्रह के कारण अब तक आवास खाली करने का दबाव नहीं बनाया गया था।
निदेशक संजय कुमार बिश्वाल को पदभार ग्रहण किए लगभग दो माह बीत चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा है कि निदेशक आवास उपलब्ध न होने के कारण प्राणि उद्यान के प्रशासनिक कार्यों के संपादन में कठिनाई आ रही है। चिड़ियाघर के सुचारू संचालन और राजकीय कार्यों को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए आवास का खाली होना अनिवार्य है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्र की प्रतिलिपि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विभागाध्यक्ष) और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।