लखनऊ। यदि बकाया बिल के कारण बिजली कटती है, तो भुगतान करने के दो घंटे बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकेगी। मंगलवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
एमडी ने बताया कि यदि बिजली बिल माइनस में है, तो उपभोक्ताओं को केवल तीन दिन का ग्रेस पीरियड मिलेगा। इसके बाद कनेक्शन स्वतः कट जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से यूपीपीसीएल का स्मार्ट एप डाउनलोड करने की अपील की। इस एप में बिलिंग, बैलेंस और अन्य समस्याओं का समाधान बिना लाइनमैन की मदद के मिल सकेगा।
यहां कर सकते हैं शिकायत
किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 या विभाग के व्हाट्सएप चैटबॉट पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। विभाग की 100 लोगों की टीम भी प्रतिदिन उपभोक्ताओं से संपर्क कर रही है।
स्मार्ट मीटर की सटीकता पर दावा
रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायतों पर एमडी ने कहा कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह सटीक है। 69 हजार चेक मीटरों की जांच में मुख्य मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में कोई अंतर नहीं पाया गया है। मध्यांचल में अब तक 3,46,000 स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, जिनमें से मिली 52 हजार शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है।
ईईएसएल मीटर और गर्मी की चुनौती
एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) के मीटरों में बिजली कटने के बाद दोबारा चालू होने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया गया है।
ये सावधानी बरतनी जरूरी
चूंकि भुगतान के बाद बिजली आने में दो घंटे का समय लग सकता है, इसलिए गर्मी को देखते हुए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे एप पर बैलेंस चेक करते रहें और पैसा खत्म होने से पहले ही रिचार्ज कर दें।