गोमतीनगर : घर में खुला मेगामार्ट, अवर व सहायक अभियंता को नोटिस
गोमतीनगर के विवेकखंड-2 में टीवीएस शोरूम के पास घर में एक मेगामार्ट खुल गया। खुद विहित प्राधिकारी ने इस पर कार्रवाई करने के लिए प्रवर्तन जोन के इंजीनियरों को कहा।
इसके बावजूद शह देकर मेगामार्ट चालू होने दिया गया। अब विहित प्राधिकारी ने अवर अभियंता जितेंद्र कुमार और सहायक अभियंता राजकुमार को नोटिस दिया है।
विहित प्राधिकारी का कहना है कि प्रवर्तन जोन-1 के व्हाट्सएप ग्रुप में टीडी गर्ल्स कॉलेज के पास खुल रहे इस मेगामार्ट की सूचना देकर कार्रवाई को कहा गया था।
10 नवंबर को सूचना देकर फोन पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद मेगामार्ट का उद्घाटन हो गया। निर्माण के खिलाफ कोई चालान भी नहीं किया गया।
इससे सीधे तौर पर इंजीनियरों के शामिल होने का पता चलता है। दोनों इंजीनियरों से जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी जाएगी।