मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने सोशल मीडिया में चल रही सूचना ‘वोट न देने पर बैंक एकाउंट से कटेंगे 350 रुपये’ को भ्रामक बताया है। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान जारी करके बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया है।
ये पूरी तरह से गलत, निराधार और सत्य से परे सूचना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनता से अपील की है कि, वह इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। लोकसभा चुनाव की रिपोर्टिंग के लिए शुक्रवार को दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें सांप्रदायिक या जाति आधार पर वोट मांगना, प्रचार करना और उसी आधार पर खबर लिखने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक ओपिनियन पोल की रिपोर्टिंग करते समय उसकी सटीकता व निष्पक्षता का ध्यान रखना चाहिए। किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में दिखने वाली खबर, साक्षात्कार को मात्र इस कारण कि वह किसी प्रत्याशी के पक्ष में है, पेड न्यूज के दायरे से में रखा गया है।