शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत बच्चों का दाखिला न लेने वाले शहर के 18 स्कूलों को विभाग ने मान्यता खत्म करने का नोटिस भेजा है। सीडीओ के निर्देश पर इन स्कूलों को विभाग ने तीन दिन में आवंटित सभी बच्चों का दाखिला देकर सूचित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी ये स्कूल दाखिला नहीं देते हैं तो 15 अगस्त के बाद से इनके खिलाफ मान्यता खत्म करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
बीते 27 जुलाई को सीडीओ मनीष बंसल की अध्यक्षता में स्कूलों और बेसिक शिक्षा के अधिकारियों की बैठक हुई थी। बैठक में दाखिला न लेने वाले स्कूलों पर कार्रवाई करने का मुद्दा उठा। सीडीओ के निर्देश पर शहर के 18 स्कूलों को बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमर कांत सिंह ने नोटिस भेजकर 10 दिनों में दाखिला देकर विभाग को सूचित करने का निर्देश दिया था।
10 दिन का समय बीतने के बाद किसी भी स्कूल ने दाखिले के संबंध में विभाग को कोई सूचना नहीं दी। वहीं दूसरी तरफ अपने बच्चों के दाखिले को लेकर अभिभावक विभाग का चक्कर काट रहे हैं। इसको देखते हुए बीएसए ने इन सभी स्कूलों को मान्यता खत्म करने की कार्रवाई करने की नोटिस दी है।
नोटिस में लिखा है कि तीन दिन में आवंटित बच्चों को दाखिला देकर विभाग को सूचित करें। नहीं तो इसके बाद मान्यता खत्म करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सीडीओ के निर्देशानुसार स्कूलों की एनओसी खत्म की जा सकती है, जिसके बाद मान्यता खत्म करने की कार्रवाई को लेकर पत्र संबंधित बोर्ड को भेज दिया जाएगा।