अयोध्या। मेडिकल कॉलेज परिसर में पैरामेडिकल छात्र के पास बम बनाने की विधि से संबंधित हस्तलिखित परची मिलने से सुरक्षा तंत्र में खलबली मच गई। पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिया है। जिस कमरे में वह रह रहा था, उसे सील कर दिया गया है। हालांकि, अब तक की जांच में उसकी किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।
बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरैनिया तालाब के पास रहने वाले 26 वर्षीय युवक ने अक्तूबर 2025 में मेडिकल कॉलेज में एक्सरे टेक्नीशियन की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। रात में उसकी ड्यूटी मेडिकल कॉलेज की लैब में लगी थी। शनिवार की सुबह एक्सरे कक्ष से एक परची बरामद हुई, जिसमें बम बनाने की विधि लिखी थी। बताया गया कि यह परची उसी छात्र ने लिखी थी। हस्तलिखित इस परची में बम का आकार समेत उसमें प्रयुक्त होने वाले रसायनों आदि का विस्तृत विवरण दर्ज था।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने करीब 10:30 बजे स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर आई पुलिस ने कॉलेज से चंद कदम दूरी पर स्थित किराये के कमरे से छात्र को हिरासत में ले लिया। सूचना उच्चाधिकारियों तक गई तो हलचल मच गई। कई खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। एटीएस, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस, एलआईयू आदि एजेंसियों ने भी छात्र से पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि को जब्त करके उसके कमरे को सील कर दिया गया। देर शाम तक अलग-अलग टीमें उससे पूछताछ करती रहीं।
इनसेट
फिल्म में देखी विधि को कागज पर लिखने का दावा
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि छात्र अपने दो-तीन साथियों के साथ एक फिल्म देख रहा था। फिल्म में अभिनेता बम बनाने की विधि बता रहा था। इसी दौरान छात्र ने उसे अपने कागज पर नोट कर लिया। पुलिस फिलहाल छात्र के इस बयान की भी जांच कर रही है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि छात्र ने यह तथ्य केवल फिल्म से देखकर लिखा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
इनसेट
अयोध्या की संवेदनशीलता ने बढ़ाई सतर्कता
अयोध्या में राम मंदिर समेत कई महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान में बम बनाने की विधि से जुड़ी परची मिलना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। यही वजह है कि पुलिस ने मामले को सामान्य छात्र की गतिविधि मानकर छोड़ने के बजाय जांच का दायरा बढ़ाया है। विभिन्न खुफिया एजेंसियां छात्र से पूछताछ कर रही हैं। एसएसपी के मुताबिक, अब तक की जांच में छात्र की कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।