बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती।
- फोटो : amar ujala
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की विषम स्थिति से मुक्ति के लिए हर स्तर पर सभी प्रकार के ईमानदार प्रयास बहुत जरूरी हैं। मायावती ने ट्वीट कर कहा है कि सरकारी दावे के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के केस कुछ कम हो रहे हैं, यह थोड़ी राहत की बात है। पर, कोरोना से मौतों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कारण कुछ भी हों किन्तु यह अति-विषम व अति-दु:खद स्थिति है। इससे मुक्ति के लिए हर स्तर पर सभी प्रकार के ईमानदार प्रयास की जरूरत है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना बहुत तेजी से लोगों को संक्रमित कर उनकी जान ले रहा है। लोग जैसे-तैसे उनका दाह संस्कार करने को मजबूर हैं। ऐसे उजड़े, गरीब व बेसहारा परिवारों की हर तरह की मदद के लिए सरकार को घोषणाओं से आगे बढ़कर सक्रिय होना चाहिए।
जांच सही न होने से मृतक आश्रितों को नहीं मिल रही मदद, ध्यान दे सरकार
बसपा सुप्रीमो मायावती ने पंचायत चुनाव की ड्यूटी में कोरोना के कारण जान गंवाने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की मृत्यु को लेकर सरकार पर हमला बोला है। मायावती ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि यूपी में पंचायत चुनाव की ड्यूटी निभाने वाले शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की कोरोना संक्रमण से मौत की शिकायतें आम हो रही हैं। लेकिन इनकी सही जांच नहीं होने के कारण आश्रितों को उचित सरकारी मदद भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए
मायावती ने डॉक्टर्स और स्वास्थ कर्मियों की मौत पर सरकार की अनदेखी और उपेक्षा को दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि देश भर में कोरोना यौद्धाओं के रूप में सम्मानित खासकर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की सेवा काल के दौरान हो रही बीमारी और मृत्यु के संबंध में सरकार की घोर अनदेखी और उपेक्षा की खबरें दुखद है। उन्होंने कहा कि सरकारों को उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर होनेकी जरुरत है।