लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने ध्रुव अकादमी को 50 रन से हराते हुए यूपी टिंबर ट्रॉफी अपने नाम की। पूर्वोत्तर रेलवे के 140 रन के जवाब में ध्रुव अकादमी की टीम 16.1 ओवर में 90 रन पर लुढ़क गई। सेज क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी एनईआर ने निर्धारित ओवर में 140 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। साहब युवराज सिंह ने 45 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी
खेली, जबकि उपेंद्र यादव ने 31 रन का योगदान दिया। मो. शारिम और सक्षम वर्मा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। जवाब में ध्रुव अकादमी के दोनों सलामी बल्लेबाज छह रन पर पवेलियन लौट गए। खराब शुरुआत से ध्रुव अकादमी की टीम उबर न सकी और 16.1 ओवर में 90 रन पर लुढ़क गई। निखिल गुप्ता (27) को छोड़कर टीम का अन्य कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। सावेद मलिक और सौरभ कश्यप ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि शिवम दीक्षित दो विकेट लेने में सफल रहे। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ध्रुव अकादमी के सागर शर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और एलडीएसीसी के मनीष मिश्रा को गेंदबाज घोषित किया गया। इसके अलावा पूर्वाेत्तर रेलवे के साहब युवराज सिंह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने।